चिंतपूर्णी - उत्तरी भारत के विख्यात शक्तिपीठ धार्मिक स्थल माता चिंतपूर्णी के दरबार में शनिवार देर सायं एक श्रद्धालु ने हीरे जवाहरात से सुसज्जित गोल्ड प्लेटिड चांदी का मुकुट चढ़ाया। मुकुट चढ़ाने वाले श्रद्धालु ने हालांकि अपना नाम व पता नहीं बताया है और न ही अपनी कोई पहचान मंदिर न्यास को बताई है।
सूत्रों के मुताबिक श्रद्धालु महाराष्ट्र का रहने वाला है तथा महाराष्ट्र के आईजी का कोई रिश्तेदार बताया गया है। थाना चिंतपूर्णी के प्रभारी ने उक्त श्रद्धालुओं को मंदिर में पूजा-अर्चना करवाई। जानकारी के मुताबिक शनिवार रात को महाराष्ट्र के श्रद्धालु ने माता के दरबार में बेशुमार कीमती रत्न जडि़त मुकुट चढ़ाया। इसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। उस श्रद्धालु ने रत्न जडि़त मुकुट की रसीद तक नहीं कटवाई है। मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि मुकुट चांदी का है। इस पर सोने की प्लेटिंग की गई है तथा मुकुट पर हीरे जवाहरात जड़े हैं।