शाहपुर - मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा जिले की शाहपुर विधान सभा के अन्तर्गत दुर्गम क्षेत्र धारकण्डी के लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिये आज दरिणी में उप-तहसील खोलने की घोषणा की। उन्होंने दरिणी में पशु औषधालय, ग्राम पंचायत धलेड़ के दरहाला और पट्टल गांवों में राजकीय प्राथमिक पाठशालाएं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दरिणी में विज्ञान प्रयोगशाला खण्ड की घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दरिणी में 32 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अतिरिक्त खण्ड का उद्घाटन करने के उपरांत दरिणी में एक जनसभा में कीं। उन्होंने कहा कि हालांकि, इस क्षेत्र के अन्तर्गत केवल पांच पंचायतें और पांच पटवार वृत्त हैं, फिर भी उन्होंने क्षेत्र की कठिन भौगोलिक स्थिति को देखते हुए नियमों में ढील देकर दरिणी के लिए उप-तहसील की घोषणा की है। दरिणी में उप-तहसील की सुविधा होने से इस दुर्गम क्षेत्र के लोग घरों के नजदीक राजस्व तथा अन्य कार्यों को करवा सकेंगे।
वीरभद्र सिंह ने सल्ली-दरिणी सिंचाई कूहल के निर्माण की घोषणा की, जिसके निर्माण पर 2 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने राजकीय माध्यमिक पाठशाला भलेड़ को राजकीय उच्च पाठशाला स्तरोन्नत करने की घोषणा भी की। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने घरोह में 172.26 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली कूहल की आधारशिला रखी, जिससे 135.18 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। उन्होंने शाहपुर विकास खण्ड में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दरिणी के अन्तर्गत 17.94 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्वास्थ्य उप-केन्द्र का लोकार्पण भी किया।