शिमला - मशहूर फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर के पोस्टर को लव जेहाद के साथ जोड़ते हुए विश्व हिन्दू परिषद ने हिमाचल प्रदेश के करीब तीन हजार दूरवर्ती गांवों में एक अभियान छेडऩे की घोषणा की है। परिषद की महिला इकाई दुर्गावाहिनी के बैनर तले शुरू किए जा रहे इस अभियान के तहत इन गांवों में अविवाहित हिन्दू लड़कियों को लव और जेहाद के नाम पर न भटकने की सलाह देते हुए इस बात के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा कि वे मुस्लिम लडक़ों के साथ शादी के बंधन में न बंधे।
विश्व हिन्दू परिषद द्वारा हिमाचल से प्रकाशित की जा रही हिमालयन ध्वनि नामक पत्रिका के मुख्य पृष्ठ पर छापी गई करीना कपूर की फोटो को लेकर उठे विवाद को तवज्जो न देते हुए दुर्गावाहिनी ने अपने अभियान को तेज गति से चलाए जाने का फैसला लिया है। दुर्गावाहिनी की क्षेत्रीय समन्वयक रजनी ठुकराल का कहना है कि हिमाचल के दूरवर्ती क्षेत्रों में स्थित गांवों की लड़कियों को लव जेहाद के नाम पर बहकाया जा रहा है।
उनका कहना है कि हाल ही में विश्व हिन्दू परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात करके उन्हें भी स्थिति से अवगत करवाया था। उनका ये भी कहना है कि जिन लड़कियों को लव जेहाद के नाम पर फुसलाया गया है उन्हें इस बात का पूरा अधिकार है कि वे घर वापसी करें।