शिमला - कालका से शिमला तक बन रही फोरलेन परियोजना के रास्ते में आ रही पहली रुकावट दूर हो गई है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने सोलन जिले से संबंधित क्षेत्र में सडक़ को बनाए जाने के लिए पेड़ों को काटे जाने की आज मंजूरी दे दी। इस मंजूरी के साथ ही करीब 90 किलोमीटर लम्बी इस फोर लेन सडक़ के 90 फीसदी हिस्से के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
अब केवल शिमला जिले के तहत आने वाले क्षेत्र में बनने वाली सडक़ के लिए पेड़ों को काटे जाने की मंजूरी मिलना बाकी है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के शिमला स्थित प्रोजेक्ट डायरेक्टर सतीश कौल ने संपर्क साधे जाने पर बताया कि आज मिली मंजूरी के बाद फोर लेन सडक़ के 62 किलोमीटर के हिस्से के निर्माण कार्य को अब जल्दी ही शुरू कर दिया जाएगा।