चंडीगढ़, 10 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा आज गुड़गांव में आयोजित हरियाणा गोल्फ एसोसिएशन ओपन टूर्नामैंट के पुरस्कार वितरण समारोह में बोल रहे थे। इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री हुड्डा ने गोल्फ खेल को आम आदमी की पहुंच में लाने पर जोर दिया और कहा कि खिलाड़ी होने के नाते उन्हें प्रसन्नता होती है, जब खेलों को बढ़ावा दिया जाता है। हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव पी के चौधरी ने प्रस्ताव रखा था कि जिस प्रकार राज्य सरकार प्रदेश में अन्य खेलों को बढ़ावा दे रही है, उसी प्रकार हरियाणा गोल्फ एसोसिएशन के गोल्फ को बढ़ावा देने के लिए नर्सरी खोलने के प्रयासों में मदद दे, तो यह खेल केवल अमीरों का नहीं, बल्कि आम आदमी की पहुंच में आ जाएगा और हरियाणा के खिलाड़ी गोल्फ में भी विश्व में परचम लहरा सकते हैं।
गुड़गांव को आज सस्ते घरों और सस्ते गोल्फ कोर्स की जरूरत है क्योंकि गोल्फ एक महंगा खेल है, जिसे हर कोई चाहकर भी नहीं खेल सकता। मुख्यमंत्री ने अपने स्वैच्छिक कोष से हरियाणा गोल्फ एसोसिएशन को 10 लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की और चैंपियनशिप के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
प्रतियोगिता में ओवरआल विजेता 160 अंकों के साथ कर्नल अजय सिंह रहे, दूसरा स्थान 163 अंकों के साथ कर्नल वी एस बैंस ने प्राप्त किया तथा 172 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर अतुल धीर रहे।