रोहतक - वीरेंद्र सहवाग ने अपनी शानदार फार्म जारी रखते हुए आज यहां लाजवाब सैकड़ा जड़ा और रजत भाटिया के साथ मिलकर दिल्ली को हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्राफी ग्रुप बी मैच के पहले दिन शुरूआती झटकों से उबारा। सहवाग नाबाद 147 रन बनाकर अब भी क्रीज पर डटे हुए हैं। भारतीय टीम में वापसी की कवायद में लगे इसे आक्रामक बल्लेबाज ने भाटिया (72) के साथ ऐसे समय में 176 रन की बड़ी साझेदारी निभायी जबकि जोगिंदर शर्मा (39 रन देकर 3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने दिल्ली ने अपने शुरूआती 4 विकेट 41 रन पर गंवा दिये थे। इन दोनों के प्रयास से दिल्ली ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 7 विकेट पर 278 रन बनाये हैं। पिछले दो रणजी मैचों में 64 और 105 रन की पारियां खेलने वाले सहवाग ने लाहली के चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम की तेज गेंदबाजों के लिये अनुकूल पिच पर अपने नैसर्गिक खेल का खूबसूरत नजारा पेश किया और कई आकर्षक शाट लगाये। उन्होंने अब तक 178 गेंदों का सामना करके 16 चौके और 1 छक्का लगाया है। हरियाणा ने टॉस जीतकर दिल्ली को पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किया और फिर उसके गेंदबाजों ने सुबह की नम परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया। दिल्ली के सलामी बल्लेबाजों ने 13 ओवर तक डटकर सामना किया लेकिन वे रन बनाने के लिये जूझते रहे। पहले बदलाव के रूप में आये जोगिंदर ने उन्मुक्त चंद को पगबाधा आउट करके हरियाणा को पहली सफलता दिलायी। उन्मुक्त ने 5 रन बनाये।
जोगिंदर ने इसके बाद नये बल्लेबाज वरूण सूद (1) की गिल्लियां बिखेरी और फिर मिथुन मन्हास (0) को पवेलियन भेजा। इस बीच मोहित शर्मा ने कप्तान गौतम गंभीर (21) के संघर्ष को समाप्त किया। तीन ओवरों में 3 विकेट गंवाने से दिल्ली बैकफुट पर पहुंच गयी लेकिन सहवाग ने ऐसे समय में धैर्य से काम लिया और भाटिया ने उनका अच्छा साथ निभाया। चाय के विश्राम के तुरंत बाद सहवाग ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना 41वां शतक पूरा किया। हर्षल पटेल ने हालांकि चाय के विश्राम के बाद भाटिया को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। भाटिया ने अपनी 146 गेंद की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाये। पुनीत बिष्ट (7) भी काफी समय विकेट पर बिताने के बावजूद ज्यादा रन नहीं जोड़ पाये। शिवम शर्मा 6 रन बनाकर आउट हुए। स्टंप उखडऩे के समय सहवाग के साथ सुमित नारवाल 2 रन पर खेल रहे थे।