धर्मशाला - पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हो रही बारिश से समूची कांगड़ा घाटी शीत लहर की चपेट में आ गई है। शुक्रवार रात से धौलाधार की पहाडय़िों पर सीजन का दूसरा हिमपात होने से समूची पहाडय़िां बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई हैं। वहीं धर्मशाला सहित कांगड़ा घाटी के निचले क्षेत्रों में लगातार हो रही मध्यम दर्जे की बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित हुआ है वहीं लोगों को एक बार फिर ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
आज सुबह से ही मौसम के बदले तेवरों के चलते दोपहर बाद धर्मशाला सहित साथ लगते क्षेत्रों में हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो शाम तक लगातार जारी था। मौसम विभाग की मानें तो मौसम का रुख अगले 24 घंटे भी इसी तरह बरकरार रहेगा।