अम्बाला - राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता स्टार ब्लड डोनर राजेन्द्र गर्ग को रक्तदान के क्षेत्र उल्लेखनीय योगदान के लिए अभी हाल में राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें राजभवन हरियाणा में ब्लड बैंक चंडीगढ़ सोसायटी की स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रदान किया गया है।
पूरे हरियाणा से 50 से अधिक बार रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को इस समारोह में सम्मानित किया गया है। देश के दस सर्वाधिक रक्तदान करने वालों में शामिल राजेन्द्र गर्ग ने खूनदान को एक मिशन के रूप में अपनाया है और अब तक इस क्षेत्र में वह 150 से अधिक पुरस्कार हासिल कर चुके हैं। उनके इस योगदान को देखकर वर्ष 2009 में उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। राजेन्द्र गर्ग ने अपने जीवन में जहां स्वंय 167 बार रक्तदान किया है वहीं उनकी धर्मपत्नी सुचेता गर्ग, पुत्र राजन गर्ग, पुत्रवधु राशि गर्ग, पुत्री नैना भी समय-समय पर रक्तदान करते रहते हैं।