चंडीगढ़, 9 फरवरी-(अभीतक न्यूज़) हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव श्री राम किशन फौजी ने कहा कि प्रदेश में स्वाईन फ्लू की रोकथाम के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत प्रदेश के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा सामान्य अस्पतालों में स्वाईन फ्लू रोकने के लिए 44 हजार टैबलेटस की सप्लाई की जा चुकी है।
श्री फौजी ने आज स्वाईन फ्लू व अन्य बीमारियों से पीडि़त मरीजों का हाल-चाल जानने के लिए पंचकूला के सामान्य अस्पताल का दौरा किया। स्वाईन फ्लू को फैलने से पूर्णतः रोकने के लिए केन्द्र सरकार से डेढ लाख टैबलेटस और मंगवाई गई हैं जो कि जल्द ही प्रदेश के अस्पतालों में वितरित कर दी जाएंगी
प्रदेश के जिन सामान्य अस्पतालों में वैंटीलेटर की सुविधा नहीं है वहां निजी अस्पतालों को पैनल पर रखने के लिए सिविल सर्जनस को निर्देष दिये गए हैं। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में ईलाज करवा रहे स्वाईन फ्लू के मरीजों को निजी अस्पतालों में वैंटीलेटर की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए शिफ्ट किया जाता है तथा सरकार द्वारा इस सुविधा के लिए निजी अस्पतालों को 8 से 10 हजार रूपए की राशि प्रतिदिन प्रति मरीज उपलब्ध करवाई जाती है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को आगाह करते हुए कहा कि यह बीमारी कोई जानलेवा बीमारी नहीं है तथा इसका उपचार संभव है। यह बीमारी बदलते मौसम के प्रभाव के कारण होती है। इसलिए लोगों को चाहिए कि वे खांसी-जुकाम, बुखार इत्यादि बीमारियों को हल्के में न लेकर सरकारी डॉक्टरों से इसका पूर्ण इलाज करवाएं।