शिमला - राजधानी शिमला से लगभग 15 किलोमीटर दूर घणाहट्टी के पास कंडा नामक स्थान पर आज एक बस के खाई में गिरने से 36 लोग घायल हो गए। घायलों में से सात की हालत गंभीर है। इनका आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है और इनकी हालत खतरे से बाहर है। जानकारी के मुताबिक यात्रियों से भरी निजी बस महावीर कोच सोलन जिला के कुनिहार से शिमला की तरफ आ रही थी। इस दौरान सवेरे 9 बजे घणाहट्टी के समीप कंडा नामक स्थान पर एक मोड़ पर अचानक सडक़ से पलट कर खाई में लुढक़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक बस यात्रियों से खचाखच भरी थी और इसमें आठ महिलाएं, पांच बच्चे व 23 पुरुष सवार थे। बताया जाता है कि बस ओवरलोड थी और 22 सीटर बस में करीब 45 यात्री सफर कर रहे थे। घायलों में ब्रह्मानंद, मदन, सुरेश कुमार, कमलेश, प्रेमचंद, अक्षय, पुष्पा, रामदेई, देवेंद्र कुमार, सायना, शोभा, राजकुमार, शिवांशू, जयपाल, बलदेव, दिनेश, रामपाल, नरेश, दीक्षा, श्यामलाल, टेकचंद, जगदीश, सोहाना, वीरेंद्र, रिखू राम, गोपाल सिंह, नंदलाल, लता, नरेंद्र, मोहित, सुनील, भूपेंद्र कुमार, अमरचंद, सरोज, विद्या और निखिलेश शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है