चंडीगढ़, 8 फरवरी – (अभीतक न्यूज़) हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने एच1एन1स्वाईन फ्लू पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाये है। सभी जिला अस्पतालों में स्वाईन फ्लू के लिए अलग ओपीडी शुरू की गई है और सभी मरीजों का मोबाईल नम्बर के साथ ब्यौरा तैयार किया जा रहा है।
राज्य में जनवरी, 2013 से अब तक इस रोग के कुल 94 मामले रिपोर्ट किये गये है। विभिन्न अस्पतालों में इस समय कुल 45 मरीज उपचार के लिए भर्ती है और 13 को छुटी दी जा चुकी है। ऐसे सभी 12 मरीज, जिन्हें घर में अलग रखा गया था, पूरी तरह से उबर चुके है।
एच1एन1 के चार मामले हिसार और एक पानीपत का सामने आया है। अब तक रिपोर्ट की गई 23 मौतों में सबसे ज्यादा चार-चार मौतें जिला सिरसा और करनाल और पंचकूला तथा कुरुक्षेत्र में तीन-तीन मौतें हुई हैं। अंबाला,भिवानी तथा जींद में दो-दो मौतें रिपोर्ट की गई है जबकि गुड़गांव, हिसार तथा कैथल में एक-एक मौत हुई है।