नयी दिल्ली/सोनीपत - वीडियो विवाद में फंसी सोनीपत की बहनों (रोहतक के सरकारी महिला कालेज में बीसीए अंतिम साल की छात्राएं) पूजा और आरती ने आज कहा कि वह हर उस शख्स के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करवायेंगी, जिन्होंने उनकी छवि बिगाडऩे का प्रयास किया। इंडियन वीमेन प्रेस कॉपस (आईडब्ल्यूपीपी) और जनवादी महिला समिति की ओर से दिल्ली में दोनों बहनों का प्रेस कांफ्रेंस का कार्यक्रम रखा गया था।
देश की जनता को एक बार फिर से अपनी बात बताने के लिए शनिवार को दोनों बहनें दिल्ली पहुंची और नेशनल मीडिया में उन्होंने अपनी बात रखी। अपने पिता राजेश के साथ यहां पहुंची पूजा और आरती ने फिर से दोहराया कि उन्होंने कोई गुनाह नहीं किया है, बल्कि उनके मामले को राजनैतिक दबाव में दूसरा रंग देने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ये मामला सीधे तौर पर छेड़छाड़ का है और इसमें किसी यात्री सीट को लेकर कोई विवाद था ही नहीं। तीनों ने उन्हें बस में सवार होने से पहले ही छेडऩा शुरू कर दिया था। बस में विवाद इसलिए बढ़ा कि उन्होंने यहां सारी हदें पार कर उनसे शारीरिक छेड़छाड़ करने की कोशिश की।