कालका - कालका में एक व्यक्ति की ओर से अपनी पत्नी का गला घोंट कर उसकी हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मृतका रीटा की लाश को कब्जे में ले लिया और आरोपी विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी-पति यहां कालका के टिब्बी मोहल्ले में रह रहे थे। विजय कुमार के भाई मदन लाल ने पुलिस को जानकारी दी कि विजय कुमार दरवाजा नहीं खोल रहा था जिसके दृष्टिगत उसे कुछ आशंका हो गयी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जब दरवाजा खुलवाया तो रीटा की लाश बिस्तर पर पड़ी हुयी थी जबकि विजय कुमार भीतर ही था। बताया गया है कि विजय की शादी 5 साल पूर्व हिमाचल निवासी रीटा से हुई थी। दोनों के एक बेटा भी है। कालका के एसीपी धर्मवीर सिंह और पुलिस प्रभारी मनीष कुमार मौके पर गये और हालात का जायजा लिया।