पांवटा साहिब - राजबन-छछेती संपर्क मार्ग पर देर रात एक आल्टो कार मालगी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर 300 मीटर खाई में जा गिरी जिससे चालक की मौत हो गई जबकि अन्य 2 लोग घायल हो गए। घायलों में एक सेना का जवान बताया जा रहा है जिसकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। बताया जा रहा है उसका देहरादून के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत में कुछ सुधार बताया जा रहा है जबकि दूसरे घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजपुर से संबंध रखने वाला सेना का जवान ललित कुमार इन दिनों छुट्टी लेकर घर आया था और गाड़ी सीख रहा था। देर शाम वे छछेती संपर्क मार्ग पर गाड़ी सीखने चले गए। बताया जा रहा है कि मालगी के पास कार एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर खाई में जा गिरी जिससे उसमें सवार रूपेश कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी राजपुर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ललित कुमार व उसका बेटा सत्यम घायल हो गए। घायलों को रात को पांवटा के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें नाहन रैफर कर दिया गया था। डीएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है जिसमें जांच-पड़ताल चल रही है।