करनाल - करनाल में जीटी रोड पर होने वाले सडक़ हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार सुबह ही शहर के लोगों और सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर निर्मल कुटिया चौक पर हवन यज्ञ और शान्ति पाठ का आयोजन किया था ताकि हादसे न हों। लेकिन देर रात इसी निर्मल कुटिया चौक पर ट्रैक्टर ट्रॉली और कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्विफ्ट कार सवार 3 लोग पानीपत के कुराड़ गांव के रहने वाले हैं जो पानीपत से कुरुक्षेत्र की तरफ जा रहे थे , जैसे ही उन्होंने निर्मल कुटिया बाईपास क्रास किया तभी इनके आगे चल रही ओवर लोडिड ट्रैक्टर ट्राली, जिसके पीछे न तो कोई रिफ्लेक्टर लगे हुए थे और न ही इंडिकेटर थे, से कार की सीधी टक्कर हो गयी। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और कार चालक समेत 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मुख्यमंत्री के करनाल ओएसडी अमरेंदर सिंह व थाना सिविल लाइन प्रभारी ललित कुमार मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद जी टी रोड पर जाम लग गया जिसके बाद पुलिस ने क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त कार को हटवाया।