ऐलनाबाद - शहर की अनाजमंडी में स्थित बैंक से पैसे निकलवाकर लौट रहे आढ़ती के मुनीम के बाइक से सोमवार सुबह एक अज्ञात बालक लाखों रुपए से भरा बैग ले भागा। बाद में मंडी में मौजूद लोगों की सहायता से रुपए से भरा बैग सकुशल बरामद कर लिया गया लेकिन अज्ञात बालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। रुपए से भरा बैग सुरक्षित मिल जाने के कारण संबंधित आढ़ती व मुनीम ने इस संबंध में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।
शहर की अतिरिक्त अनाज मंडी में दुकान नं. 51-बी की फर्म रामलाल एंड कंपनी का मुनीम नंदराम सोमवार सुबह अनाजमंडी में स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स से 3 लाख रुपए निकलवाकर निकला। उन्होंने रुपए से भरा थैला अपने बाइक पर लगे बैग में डाल दिया और अतिरिक्त अनाजमंडी की ओर चल पड़ा। वह थोड़ी ही दूर पहुंचा होगा कि उसे अपने बाइक से कुछ निकलने का आभास हुआ तो उसने बाइक के पीछे लगे बैग को संभाला।
उसने देखा कि एक अज्ञात बालक उसका रुपयों से भरा बैग लेकर भाग रहा था। नंदराम ने बाइक को रोककर शोर मचाते हुए अज्ञात बालक का पीछा करना शुरू किया। अनाजमंडी में मौजूद लोगों ने बालक का पीछा किया तो बालक ने परिस्थितियों को अपने प्रतिकूल मानते हुए रुपए से भरा थैला वहीं फैंक दिया और भीड़ में कहीं गायब हो गया।