चण्डीगढ़, 7 फरवरी- (अभीतक न्यूज़) - हरियाणा वन विभाग द्वारा 8 से 12 फरवरी, 2013 तक ताऊ देवी लाल खेल परिसर, सैक्टर 3, पंचकूला में 20वीं अखिल भारतीय वन खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
8 फरवरी को उद्घाटन अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल श्री जगन्ननाथ पहाडि़या मुख्य अतिथि होंगे, जबकि 12 फरवरी को समापन अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा मुख्य अतिथि होंगे और विजेता खिलाडि़यों को पुरस्कृत करेंगे। इन अवसरों पर समारोह की अध्यक्षता वन एवं पर्यावरण मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव करेंगे जबकि मुख्य संसदीय सचिव श्री प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा व विधायक श्री डी.के.बंसल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन अवसर पर केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कुमारी सैलजा विशिष्ट अतिथि होंगी।
प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों के वन विभाग के कर्मचारियों की भाग लेने की संभावना है। इस प्रकार की प्रतियोगिता एक ओर जहां कर्मचारियों को खेल भावना के प्रति पे्ररित करती हैं वहीं दूसरी ओर उन्हें विभाग के अन्य अनुभव सांझा करना का मंच भी उपलब्ध करवाती है।