चण्डीगढ़, 7 फरवरी- (अभीतक न्यूज़) - सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में युवतियों को उच्चतर शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए ग्रामीण किशोरी बालिका पुरस्कार योजना में संशोधन किया है। हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग की महानिदेशक श्रीमती सुमिता मिश्रा ने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को हरियाणा शिक्षा विद्यालय बोर्ड से वरिष्ठ माध्यमिक तथा दसवीं की परीक्षा में खण्ड स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने पर नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षा के लिए यह राशि क्रमशः 3000 रुपये, 2500 रुपये व 2000 रुपये, जबकि दसवीं के लिए यह 2000 रुपये, 1500 रुपये व 1000 रुपये होगी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व ये पुरस्कार ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को मैट्रिकुलेशन परीक्षा के लिए दिए जाते थे।
नई योजना के तहत हर वर्ष खण्ड स्तर पर 6-6 बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत 15.30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है तथा हर वर्ष 726 बालिकाएं लाभान्वित होंगी।