शिमला - हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित विभाग प्रदेश सरकार से 85वें संविधान संशोधन को लागू करने की सिफारिश करेगा ताकि प्रदेश में कार्यरत उक्त वर्ग के कर्मचारियों को भी पदोन्नति का लाभ मिल सके। प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन सुरेश कुमार ने पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार ने जो कमेटी गठित की है उसकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। उन्होंने कमेटी से मांग की है कि जल्द यह रिपोर्ट सरकार को सौंपे ताकि उस आधार पर सरकार कोई फैसला ले सके। उन्होंने कहा कि 85वें संविधान संशोधन मसले पर वह जल्द ही मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे।
सुरेश कुमार ने कहा कि इसके साथ ही अनुसूचित जाति विभाग राज्य में युवाओं, पढ़े-लिखे व अन्य आम लोगों को पार्टी के साथ जोड़ेगा। इसके लिए ब्लाक व जिला स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही अनुसूचित जाति व अन्य दलित वर्गों की हितैषी रही है। उन्होंने कहा कि दलित समुदाय व पिछड़े वर्ग के उत्थान में कांग्रेस का अहम योगदान रहा है।
दलित समुदाय व पिछड़े वर्ग को सम्मान भी कांग्रेस की ही देन है। सुरेश कुमार ने विभाग का चेयरमैन नियुक्त किए जाने के लिए पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी व राहुल गांधी सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्षराजू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
इस मौके पर उनके साथ धर्मपाल गर्ग, राजेंद्र मोहन, सुरेंद्र कुमार और प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता संजय सिंह चौहान भी उपस्थित थे। सुरेश कुमार ने कहा कि देश और प्रदेश में आज तक कई सरकारें बनीं लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने ही हमेशा दलितों के हितों की रक्षा की है।