धर्मशाला - भारतीय दूर संचार निगम लिमिटेड की राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला व पुरुष वर्गो में विभिन्न मैच करवाए गए। पुरुष एकल वर्ग में आंध्र प्रदेश में तनिष्क कुमार ने हिमाचल के योगेश को रोमांचक फाइनल मुकाबले में 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक को कब्जा जमाया। हिमाचल के योगेश को पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। इसी स्पर्धा की महिला में वर्ग में असम ने पश्चिम बंगाल को 2-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
दूसरे दिन हिमाचल बनाम आंध्र प्रदेश का मैच सबसे रोमांचक रहा। दोनों खिलाड़ी पिछली बार भी फाइनल मुकाबले में भिड़ चुके थे। मैच में आंध्र प्रदेश के तनिष्क ने पहला सेट 21-14 से अपने नाम किया। हिमाचल के योगेश ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 21-15 से जीत लिया। तीसरे एवं निर्णायक सेट को तनिष्क ने 21-18 से जीतकर मैचकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में दूसरे दिन अन्य एकल व युगल मुकाबले भी करवाए गए। इस स्पर्धा में उत्तर पूर्व ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में विलास हंस बतौर रेफरी मौजूद रहे। प्रेस प्रभारी राजेश शर्मा के अनुसार प्रतियोगिता में तीसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं के क्वार्टर, सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले करवाए जाएंगे।