पिंजौर - स्थानीय हिमशिखा कालोनी स्थित प्रापर्टी डीलर और बिल्डिंग मैटिरियल सप्लायर के आफिस में दो बार लाखों की चोरी करने वाला, डीलर का ड्राइवर ही चोर निकला जिसे पिंजौर पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। ऑफिस मालिक सचिन मेहरा और सुनील मेहरा दोनों भाइयों ने बताया कि 22 दिसबंर 2013 की रात को उनके आफिस से लैपटाप, 4 मोबाइल, कंपयूटर हार्ड डिस्क, डिजिटल मीटर, 11 हजार नकदी व अन्य सामान सहित करीब दो लाख का सामान चोरी हुआ था।
उसके बाद गत 13 अक्तूबर को दोबारा हुई चोरी में गैस सिलेंडर, कंप्यूटर, डिजिटल सैटटॉप बाक्स, इन्वर्टर बैटरी सहित लगभग सवा लाख रूपये का सामान चोरी हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को भी दी थी लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा था। गत सोमवार को मेहरा बंधुओं ने डीसीपी पंचकूला को शिकायत देकर अपने ही ड्राइवर शफी पर सामान चोरी करने का शक जताया जो चोरी से पूर्व दूसरी बार काम छोड़ कर चला गया था।
डीसीपी ने पिंजौर एसएचओ को कार्रवाई के आदेश दिए और पुलिस ने ड्राइवर शफी से पूछताछ की और हिमशिखा कालानी में ही उसके घर पर छापा मारा कुछ सामान उसके घर से बरामद कर लिया पूछताछ में उसने चोरी का गुनाह कबूला। शफी के साथ साथ के गांव भौरियां निवासी उसका साला विकास उर्फ विक्की और ऑटो रिक्शा चालक अशोक भी मिला हुआ था पुलिस ने ऑटो सहित तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों चोरी का सामान ऑटो में लादकर ले जाते थे।