चण्डीगढ़, 6 फरवरी- (अभीतक न्यूज़) मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज हरियाणा राज्य परिवहन के कर्मचारियों को अनेक राहत देने की घोषणा की, कर्मचारियों का रात्रि शिफ्ट भत्ता 18 से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति रात, जूता भत्ता 600 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये, कच्चे कर्मचारियों की मृत्यु पर उसके आश्रितों को 5 लाख रुपये तथा उनकी विधवाओं को राज्य परिवहन की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा तथा कर्मचारियों को नियमित वेतनमान दो वर्ष उपरान्त देना शामिल हैं। चालकों की पदोन्नति यार्ड मास्टर के पद पर करने की भी स्वीकृति मुख्यमंत्री ने दी। विभाग के महानिदेशक श्री अरूण कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि विभाग द्वारा विगत वर्षों के दौरान 3750 परिचालकों, 1026 चालकों की भर्ती की जा चुकी है। इसके अलावा 1513 चालकों व 636 हैल्पर इत्यादि की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए गए हैं तथा तीन महीनों के भीतर यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने परिवहन बेड़े में बसों की संख्या 3500 से बढ़ाकर 4500 करने के आदेश दिए। बसों के साथ-साथ बस अड्डों व कार्यशालाओं में भी आवश्यक प्राथमिक उपचार किट सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।