हिसार - हरियाणा में सत्ता से बाहर होने के साथ-साथ 15 विधानसभा सीटें जीतकर तीसरे स्थान पर रही कांग्रेस पार्टी में विधायक दल का नेता बनने को लेकर पार्टी के किसी भी बड़े नेता की जरा सी भी दिलचस्पी नहीं है। निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही यह संकेत दे चुके हैं कि उनका कांग्रेस विधायक दल का नेता बनने का कोई इरादा नहीं है, तो वहीं कांग्रेस सरकार में शक्तिशाली मंत्री की पहचान रखने वाले रणदीप सिंह सुर्जेवाला भी इस पद की चाहत नहीं रखते।
काग्रेस सूत्रों का कहना है कि ऐसे में कांग्रेस विधायक दल का जो भी नया नेता होगा वह निश्चित तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पसंद का ही होगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस पद के लिए जिन दो विधायकों के नाम उभर कर सामने आ रहे हैं उनमें विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं गन्नौर से निर्वाचित कांग्रेस विधायक कुलदीप शर्मा तथा पूर्व शिक्षा मंत्री एवं झज्जर से विधायक गीता भुक्कल का नाम शामिल है।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस पार्टी भी पार्टी विधायक दल के नेता के तौर पर इस बार किसी गैर जाट विधायक को ही आगे लाने की पक्षधर है और ऐसे में उक्त दोनों विधायकों के नाम सबसे मजबूत तो माने ही जा रहे हैं, वहीं दोनों को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का विश्वासपात्र भी माना जाता है। कुलदीप शर्मा जहां लम्बे समय तक विधानसभा के अध्यक्ष रहे हैं और उनकी छवि भी एक दमदार कांग्रेस नेता के रुप में जानी जाती है, तो वहीं गीता भुक्कल 5 वर्ष तक कैबिनेट मंत्री रहीं है और इन 5 वर्षों के दौरान उनकी छवि भी पूरी तरह से बेदाग रही है।
ऐसे में कांग्रेस सूत्रों का यह अनुमान है कि कांग्रेस विधायक दल के नेता के रुप में कुलदीप शर्मा या गीता भुक्कल में से किसी एक का चयन हो सकता है। हालांकि 3 नवम्बर से शुरु होने वाले हरियाणा विधानसभा के सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक निर्धारित नहीं हुई है, मगर ऐसी संभावना है कि 3 नवम्बर को ही प्रात: किसी भी समय चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाकर नेता का चयन किया जा सकता है।