बिलासपुर - कथित तौर पर धोखाधड़ी व शारीरिक शोषण का शिकार हुई घुमारवीं क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अशोक कुमार से मुलाकात कर उन्हें लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि पुलिस में उसे एफआईआर दर्ज करवाए करीब डेढ़ माह बीत चुका है लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी के परिजन उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। महिला का कहना है कि वह अपने छोटे से बेटे के साथ किराए के मकान में रह रही है व उसे जान का भी खतरा है। महिला ने प्रार्थना पत्र में एसपी से गुहार लगाई कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
गौरतलब है कि उक्त महिला ने घुमारवीं के एक नेता के खिलाफ यौन शोषण करने व उसके 15 लाख रुपए हड़प लेने की शिकायत 14 सितम्बर को घुमारवीं थाना में दर्ज करवाई थी। घुमारवीं पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए व 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया था। मैजिस्ट्रेट के समक्ष महिला के बयानों के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत भी मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने माननीय उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी लेकिन 24 सितम्बर को न्यायालय ने यह अर्जी यह कहते हुए खारिज कर दी कि आरोपी से 15 लाख रुपए बरामद किए जाने आवश्यक हैं।
इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अशोक कुमार का कहना है कि महिला ने उन्हें लिखित प्रार्थना पत्र दिया है जिस पर तुरंत उचित कार्रवाई करने के निर्देश घुमारवीं थाना प्रभारी को दे दिए गए हैं।