बिलासपुर - दीवाली पर विदेश से अपने घर जा रहे दो युवा पर्यटकों के साथ एक अन्य युवक को बिलासपुर के चंडीगढ़-मनाली एनएच-21 पर स्थित एक नामी होटल में तीन घंटे तक बंधक बनाये रखा। होटल के वेटरों ने उनसे गाली-गलौच करने के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। घटना 22 अक्तूबर रात की है। जब तीन दोस्त मनोज गर्ग निवासी हमीरपुर, रविकांत कौशल घुमारवीं और विजेंद्र ठाकुर भोटा शाम को 6 बजे होटल में आये और उन्होंने 5 हजार रूपए ठहरने के लिए दिये।
उल्लेखनीय है कि इनमें से दो दोस्त विदेश से अपने घर दीपावली मनाने के लिए आ रहे थे कि रात पडने पर उन्होंने शहर के सबसे अच्छे होटल को रहने के लिए चुना। उन्होंने बताया कि अर्धरात्रि को होटल का नशे में धुत वेटर 15 हजार रूपए की मांग करने लगा। इतने में वेटर के साथ अभी बातचीत ही चल रही थी कि दो अन्य वेटर भी वहां पर आये और उनसे झगड़ा करने लग गये। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनको होटल के कमरे में 3 घंटे तक बंद कर दिया। इतने में एक युवक ने अपने लोकल दोस्त को मोबाइल फोन कर इस सारे घटनाक्रम की जानकारी दी।
मामले को शांत न होता देख लोकल व्यक्ति ने थाना सदर जाकर इस बात की सूचना पुलिस को दी तथा दो पुलिस कर्मी रात को करीब डेढ़ बजे होटल गये। करीब 15 मिनट बाद होटल का दरवाजा खोला। पुलिस ने सारी घटना का जायजा लेकर होटल के मालिक को मौके पर बुलाया। पीड़ितों ने बताया कि आरोपी वेटरों में से दो मौके से गायब हो गए थे, जबकि एक का मेडिकल भी करवाया गया।