हिसार - हिसार जिले की बरवाला विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुरेन्द्र पूनिया के समर्थन में शुक्रवार को बरवाला में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने के लिए आई फिल्म स्टार हेमा मालिनी के हेलीकॉप्टर के पंखे से टकराने से एक युवक को मामूली चोटें आई। हेमा मालिनी को देखने के लिए जनसभा में बड़ी संख्या में लोग आए हुए थे। हेमा को देखने के लिए युवकों की बड़ी भीड़ उस जगह पर भी उमड़ी हुई थी, जहां पर हेमा मालिनी के हेलिकॉप्टर को लैंड करना था।
जब हेलिकॉप्टर लैंड कर चुका था और हेलिकॉप्टर का पंखा घूम ही रहा था कि तभी भीड़ में मौजूद महेन्द्र नामक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह घूमते पंखे से टकरा गया। इससे उसे मामूली चोटें आई। युवक को तुरंत अस्पताल में ले जाकर फर्स्ट एड दिलाई गई। कुछ देर बाद उसे बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।