अंबाला - अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र की रिटर्निंग अधिकारी व एसडीएम प्रियंका सोनी ने शुक्रवार को हरियाणा जन चेतना पार्टी के प्रत्याशी विनोद शर्मा को नोटिस जारी किया। एसडीएम ने शर्मा को प्रकाशक का नाम अंकित किए बिना चुनाव के लिए प्रयोग की जा रही चुनाव सामग्री पर जवाब देने को कहा है। एसडीएम के मुताबिक, विनोद शर्मा की पार्टी ने फोटो और चुनाव चिन्ह सहित चुनाव प्रचार की सामग्री प्रकाशित करके कुछ समाचार पत्रों में पैम्फलेट डलवाए गए थे।
उन पैम्फलेट पर प्रकाशक का नाम, पता व सम्पर्क नम्बर अंकित नहीं था जो चुनाव आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में आता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्याशी को नोटिस जारी करके 48 घंटे में स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। समय पर व संतोषजनक जवाब न मिलने पर इस सामग्री का खर्च चुनावी खर्चे में जोड़ दिया जाएगा।