कैथल - शहर की गांधी मार्केट में सेल्स एजैंसी के मालिक ने सिविल लाइन पुलिस को ठगी किए जाने की शिकायत दी है। शिकायतकत्र्ता ने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को एक बैंक का कर्मी बताते हुए उसके खाते से 1 लाख 57 हजार रुपए की राशि निकलवा ली। शिकायतकत्र्ता रमेश आहूजा ने आरोप लगाया कि इसमें बैंक कर्मियों की मिलीभगत की भी जांच होनी चाहिए।
रमेश कुमार ने बताया कि गत 9 सितम्बर को उसके पास एक व्यक्ति आया जिसने खुद को आंध्रा बैंक का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि वह बैंक की स्वैप मशीन दिलवा देगा जिसकी कमीशन भी अन्य बैंकों से कम होगी। इस पर वह स्वैप मशीन लगवाने के लिए तैयार हो गया।
आरोपी ने उससे आंध्रा बैंक के नाम 500-500 रुपए के चैक ले लिए। इसके बाद 11 सितम्बर को उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते से 1 लाख 57 हजार रुपए निकल गए हैं। अगले दिन 12 सितम्बर को वह अपने स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में गया और पैसे निकलने के बारे में जानकारी ली। बैंक कर्मचारियों ने बताया कि कोई सुखबीर नाम का व्यक्ति चैक के माध्यम से पैसे निकलवाकर ले गया है।
रमेश आहूजा ने बताया कि चैक पर कई जगह से कटिंग की हुई थी। आंध्रा बैंक व 500 रुपए की राशि को क्रास किया हुआ था और उसके स्थान पर स्वयं ही राशि भरी गई थी। रमेश ने बताया कि कटिंग के बावजूद बैंक अधिकारियों ने चैक को कैसे पास कर दिया, इसकी जांच होनी चाहिए। रमेश ने मामले की शिकायत सिविल लाइन पुलिस को देकर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। उधर पुलिस मामले की जांच कर रही है।