शिमला - हिमाचल प्रदेश में लकड़ी की तस्करी को रोकने की दृष्टि से स्थापित किए गए वन थानों को बंद कर दिया गया है। कैबिनेट के फैसले के बाद मामला विधि विभाग के पास गया था, जिस पर विधि विभाग ने भी अपनी हामी भर दी है। इसके साथ वन विभाग ने बुधवार को अधिसूचना जारी करके थानों को बंद करने के आदेश दे दिए हैं। प्रदेश में मौजूदा समय में आठ स्थानों पर वन थाने खोले गए थे, जिनमें वन विभाग द्वारा अधिकारियों व कर्मचारियों की नियुक्तियां की गई थीं।
पूर्व सरकार के समय में ये वन थाने खोले गए थे और तब यही कहा गया था कि लकड़ी तस्करों को पकडऩे के लिए ये थाने विशेष प्रयास करेंगे। बताया जाता है कि वन थानों ने कई मामलों को पकड़ा है, जिससे विभाग की पीठ भी थपथपाई गई थी। बावजूद इसके इन वन थानों को बंद कर दिया गया है।