नई दिल्ली - भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मंगलवार देर रात पहली सूची में 43 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए।
उम्मीदवारों में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रामबिलास शर्मा को महेंद्रगढ़ से, पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता कैप्टन अभिमन्यु को नारनौंद, विधायक अनिल विज को अंबाला कैंट, संतोष यादव को अटेली से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी मुख्यालय में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की पांच घंटे चली बैठक में राज्य की 60 विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई 15 सदस्यीय समिति की बैठक में यह घोषणा हुई।
मोदी ने कई सीटों पर पैनल में शामिल किए गए उम्मीदवारों के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की। पहली सूची में सात महिलाओं को भी जगह दी गई है। बैठक के बाद पार्टी महासचिव जेपी नड्डा ने कहा कि टिकट वितरण में पार्टी ने समाज के सभी वर्गों का खास ख्याल रखा है। पार्टी अगले एक हफ्ते में उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी कर देगी।