चण्डीगढ़, 5 फरवरी- (अभीतक न्यूज़) चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में 8 फरवरी को दो दिवसीय बागवानी अधिकारी कार्यशाला आरंभ होगी। इस कार्यशाला में 300 से अधिक विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक तथा राज्य बागवानी विभाग के अधिकारी व विस्तार कार्यकर्त्ता भाग लेंगे। विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. जे.एस. धनखड़ ने बताया कि कार्यशाला में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. एस. खोखर मुख्य अतिथि होंगे जबकि प्रधान सचिव, कृषि विभाग, हरियाणा श्री रोशल लाल उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। बागवानी विभाग के महानिदेशक डा. सत्यवीर सिंह भी इस अवसर पर मौजूद होंगे।
कार्यशाला के दौरान फलों, सब्जियों तथा औषधीय एवं सगंध फसलों में लागू की जाने वाली कृषि सिफारिशों को अंतिम रूप दिया जाएगा। कार्यशाला में बागवानी अधिकारी तथा कृषि वैज्ञानिक उपरोक्त फसलों में आ रही समस्याओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे। राज्य बागवानी विभाग के अधिकारियों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म पर फलों, औषधीय पौधों तथा सब्जियों पर किये जा रहे परीक्षणों एवं अनुसंधान की जानकारी दी जाएगी।