चण्डीगढ़ 5 फरवरी- (अभीतक न्यूज़) डॉ० अम्बेडकर मेधावी छात्रवृति योजना के तहत चालू वित्त वर्ष के दौरान हरियाणा के जिला सिरसा में अब तक 627 छात्रों को 50 लाख रुपए की राशि वितरित की गई है। इस योजना के तहत विभाग द्वारा छात्रवृति मैरिट के आधार पर अनुसूचित जाति के छात्रों को दी गई है। योजना के तहत अनुसूचित जाति व पिछडे़ वर्ग के नौंवी कक्षा से लेकर स्नातकोत्तर कक्षाओं तक के मेधावी छात्रों को कक्षा वार चार हजार रुपए से लेकर 12 हजार रुपए तक की छात्रवृति दी जाती है। अनुसूचित जाति के ग्रामीण छात्रों को मैरिट में पांच प्रतिशत की छूट भी दी जाती है।
प्रतिवर्ष 80 प्रतिशत छात्र हरियाणा शिक्षा बोर्ड तथा 20 प्रतिशत छात्र केन्द्रीय शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित किए जाते हैं। छात्राओं की योग्यता सूची हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व केन्द्रीय विद्यालय शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम के आधार पर अलग-अलग तैयार की जाती है। योजना का लाभ लेने वाला विद्यार्थी हरियाणा का मूल निवासी और हरियाणा की अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग से सम्बन्धित होना चाहिए। विद्यार्थी द्वारा मैट्रिक की परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए होने चाहिएं।