गोहर - गोहर उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोआ के तीन छात्र आसमानी बिजली गिरने से घायल हो गए हैं। घायल छात्रों को मंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर है, लेकिन तेज धमाके के कारण तीनों छात्र पूरी तरह से होशोहबाश में नहीं हैं। तीनों छात्रों की पहचान सरोआ स्कूल के दस जमा दो कक्षा के होशियार सिंह पुत्र देवी राम, चंद्रमणि पुत्र नारायण सिंह तथा हंसराज पुत्र शंकर दास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब छुट्टी के बाद तीनों छात्र जंगल के रास्ते घर जा रहे थे, लेकिन करीब साढ़े तीन बजे सरोआ में आसमानी बिजली गिरने से तीनों अचेतावस्था में चले गए। इसके बाद तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंडी भेजा गया। उधर, इसी समय गोहर-मंडी सडक़ में जासन के पास भयंकर बारिश के कारण व आसमानी बिजली गिरने से बिजली विभाग की लाइन भी चपेट में आ गई। जासन के पास बिजली की लाइन से अंगारे सडक़ पर गिरते रहे और दोनों ओर वाहनों का जाम लग गया।