लाहुल - केलांग दो दिन से लगातार खराब मौसम की मार झेल रहे लाहुल में बुधवार को कई चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई। लाहुल के ऊंची चोटियों गंगस्थांग तथा लेडी ऑफ केलांग में जमकर बर्फ के फाहे गिरे हैं। हालांकि मनाली-लेह राष्ट्रीय मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारूरूप से जारी है। इस सडक़ मार्ग के खराब होने की कोई भी सूचना फिलहाल जिला मुख्यालय में नहीं पहुंची है। उधर, लगातार बारिश से मटर व गोभी के तुड़ान में किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अब बर्फबारी होने से किसानों को एकाएक बीच में ही अपना गोभी का तुड़ान रोकना पड़ा है। लगातार दो दिनों की बारिश के कारण लाहुल में तापमान काफी लुढक़ गया है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए तंदूर में आग जलाना आरंभ कर दी है। लाहुलवासियों ने अभी से ही गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं। प्यासो, प्यूकर, योचे, रंगयों, बरयों कोकसर, डिंफूक आदि इलाकों में ठंड के कारण मटर के साइज में बढ़ोतरी नहीं हो पाई है, जिसके चलते उन्हें अच्छे दाम मिलने की चिंता सताने लगी है, हालांकि इन उत्पादों के दाम अच्छे मिलने से निचले इलाकों के किसान काफी खुश नजर आ रहे हैं, मगर लगातार बारिश होने से सडक़ मार्ग अवरुद्ध होने का खतरा भी बढ़ गया है।