पांवटा साहिब - शुद्ध खाद्य पदार्थों को केन पैकिंग में एक्सपोर्ट करने वाली प्रदेश की अग्रणी पांवटा साहिब स्थित हिमालया इंटरनेशनल कंपनी को दिवाली के लिए अमरीका से 110 टन मिठाइयां भेजने का बड़ा आर्डर मिला है। कंपनी ने आर्डर पर काम करना भी शुरू कर दिया है, ताकि समय से मिठाइयां सात समंदर पार भेजी जा सकें। इतनी बड़ी मिठाइयों की खेप का आर्डर अमरीका से पहली बार आया है, जिसे पूरा करने के लिए कंपनी के वर्कर दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं। पिछली बार की दिवाली में कंपनी ने अमरीका के अपने गोदाम को 50 टन मिठाइयां भेजी थीं।
मिठाइयां कई खेपों में समुद्री जहाज के माध्यम से भेजी जाएंगी। इनकी डिलीवरी इसी माह से ही जानी शुरू हो जाएगी। अमरीकी व वहां रहने वाले हिंदोस्तानी विशेषत: काजू कटड़ी बर्फी, काजू पिस्ता रोल, मिल्क केक, बेसन व मोतीचूर के लड्डू को बड़ा पसंद करते हैं। इस बार कंपनी विदेशियों को अपने नए प्रोडक्ट केसर पेड़ा का स्वाद भी चखाएगा। यही नहीं अमरीका में कंपनी में बनाए गए समोसे भी खूब पसंद किए जाते हैं। देश की नामी कंपनियां मदर डेयरी व रिलायंस भी दिवाली पर यहां से मिठाइयां मंगवाती हैं। इस बार मदर डेयरी व रिलायंस का कंपनी को 25 से 30 टन मिठाइयों का आर्डर आया हुआ है।