पंचकूला - पंचकूला की मंडिया अब साफ सफाई से चका चक होगीं। उपायुक्त डा. एसएस फुलिया की अध्यक्षता में जिला सचिवालय के सभागार में शहर में लगने वाली अपनी मंडियों की साफ.-सफाई को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अपनी मंडी लगने के बाद कमेटी निरीक्षण करेगी कि वहां पर पूरी तरह साफ.-सफाई की व्यवस्था है।
अपनी मंडी के अंदर के स्थान की साफ.-सफाई मार्केट कमेटी के अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी, जबकि मंडी के बाहर नगर निगम व हुडा अपने-अपने क्षेत्रों की साफ.-सफाई का कार्य करवाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि अपनी मंडी लगने के अगले दिन संबंधित अधिकारी साफ.-सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने शहर के कूड़ा करकट की व्यवस्था के बारे में भी संबंधित अधिकारी से भी जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारी ने बताया कि कूड़ा,करकट एक स्थान पर इकट्ठा करके ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ डंपिंग मैदान में डाला जाता है और बूलडोजर के साथ उस पर मिट्टी डालकर लैवलिंग की जाती है।
डा. फुलिया ने कहा कि साफ.-सफाई की दिशा में जारी की गई हिदायतों का उलंघन करने वाले व्यक्ति पर पहली बार 100 रुपए व दूसरी बार 250 व इसके बाद 500 रुपए जुर्माना किया जाएगा। उन्होंने हुडा के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अपनी मंडी में मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करें। इसके साथ-साथ मार्केट में जहां पर शौचालय नहीं है वहां पर भी मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की जाए। उन्होने यह भी निर्देश दिए कि मार्केट और सडक़ की साइडों में अवैध कब्जों को भी उठवाना सुनिश्चित करे। इसके साथ-साथ हुडा व नगर निगम के अधिकारी स्थान का चयन करके नाइट शैल्टर का निर्माण भी करवाए।