शिमला - हिमाचल के अधिकांश इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान झमाझम बारिश हुई। प्रदेश में मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों के मुकाबले मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ज्यादा बारिश रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताह भर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का क्रम जारी रहेगा । बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई, जिसमें धर्मशाला में सर्वाधिक 60.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
जबकि राज्य के बलडवारा में 55.0, नाहन में 50.0, कांगड़ा में 45.0, सुंदरनगर में 44.0, गोहर में 43.0, ऊना में 42.0, कसौली में 41.0, कुमारसेन में 39.0 और धर्मपुर में 30.0 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के कारण तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकार्ड की गई है। प्रदेश के सुंदरनगर, भुंतर और कल्पा में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सोमवार को शिमला में 24.2, सुंदरनगर में 26.5, भुंतर में 27.0, कल्पा में 19.8, नाहन में 27.5, सोलन में 27.5, धर्मशाला में 26.6 और ऊना में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश होगी, जबकि प्रदेश में सात सितंबर तक बारिश का क्रम जारी रहेगा।