पानीपत - प्रदेश की राजनीति के सबसे रसूखदार परिवारों में से एक, चौटाला परिवार के दो सदस्य आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। अनिरुद्ध चौटाला (30) व उनके बड़े भाई आदित्य (33) ने रविवार को जींद में हुई सुषमा स्वराज की रैली में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
अनिरुद्ध व आदित्य पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के चौथे बेटे दिवंगत जगदीश चंद्र की संतान हैं। बता दें कि देवीलाल का राजनीतिक उत्तराधिकार ओमप्रकाश चौटाला को मिला, जो अपने दो बेटों अभय व अजय के साथ इनेलो के कर्ता-धर्ता हैं। अनिरुद्ध व आदित्य के भाजपा में जाने के बाद अब चौटाला परिवार तीन पार्टियों में बंट गया है।
ओमप्रकाश चौटाला के तीसरे भाई रणजीत सिंह कांग्रेस में हैं और सांसद रह चुके हैं। अनिरुद्ध ने युवा बोलेगा संगठन बनाकर सरकारी भर्ती में इंटरव्यू सिस्टम खत्म करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने लोकसभा चुनाव के पहले आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली थी।