हमीरपुर - झिलारड़ी में एक निजी बस पेड़ से टकरा गई जिससे 8 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11.40 बजे एक निजी बस (नं. एच.पी. 68-5757) जोकि दियोटसिद्ध से कांगड़ा जा रही थी झिलारड़ी कस्बे के समीप अचानक मोड़ पर वट वृक्ष से टकरा गई जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों के साथ बस चालक व 2 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोटा लाया गया। चालक महेंद्र सिंह (44), सुषमा देवी पत्नी राकेश कुमार (47) गांव कछमी को हमीरपुर अस्पताल रैफर कर दिया गया है।
अन्य घायलों में कन्हैया लाल (60) पुत्र साद राम, सुलोचना देवी (50) पत्नी साद राम, अश्विनी कुमार (29) पुत्र साद राम, सुषमा देवी पत्नी कमलेश कुमार निवासी उखलसूआ, अंजना कुमारी (25) पत्नी अश्विनी कुमार, विमला देवी (39) पत्नी सुनील कुमार निवासी सूनमी व विद्या देवी पत्नी राजपाल टिक्कर खतरियां हैं। भोटा पुलिस चौकी के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दुघर्टना की छानबीन की जा रही है। जबकि चालक महेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।