मंडी - मंडी शहर के लिए 225 करोड़ रुपए की एक बड़ी परियोजना को केंद्र सरकार ने रिजेक्ट कर वापस भेज दिया है। इस योजना के तहत मंडी शहर में एक टनल, बाइपास और दो पुलों का निर्माण होना था, लेकिन केंद्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय ने इस योजना को लौटा दिया है। योजना को केंद्र में पूर्व कांग्रेस सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी थी और प्रदेश सरकार ने भी अपने हिस्से की गारंटी केंद्र को दी थी।
उल्लेखनीय है कि योजना के तहत विश्वकर्मा मंदिर के पास जेल रोड के लिए सुरंग निकालने का खाका तैयार किया गया था, ताकि इस तरफ जाने वाले वाहनों को शहर के बाहर से ही भेजा सके। साथ ही विक्टोरिया पुल के साथ ही 20 करोड़ से एक और पुल का निर्माण होना था। इसके साथ ही इसी योजना में खलिवार सैण होते हुए बाड़ी के लिए बाइपास बनना था। इसी बाइपास पर एक पुल का निर्माण होना था। इन तीनों योजना को पूरा करने के लिए 225 करोड़ रुपए का खर्च आना था। परियोजना को प्रदेश सरकार से भी अनुमति मिली थी और इस पर 10 प्रतिशत खर्चा प्रदेश सरकार ने ही सहन करना था, लेकिन अब यह प्रोजेक्ट खटाई में पड़ गया है।