संतोषगढ़ - हिमाचल प्रदेश में इन दिनों रेत के अवैध खनन को लेकर सरकार तथा प्रशासन द्वारा सख्ती से कार्रवाई करने के दावे करते हुए हजारों-लाखों रुपए जुर्माने के तौर पर वसूले जा रहे हैं वहीं प्रशासन की कार्रवाई से रेत माफिया के हौसले पस्त होने की बजाय और मजबूत होते जा रहे हैं। इन दिनों ऐसा नजारा संतोषगढ़ स्वां नदी के तट पर रोज सुबह देखने को मिलता है जहां संतोषगढ़ से टाहलीवाल जाते हुए बाईं ओर के रेत वाले एरिया में सैंकड़ों ट्रैक्टर ट्रॉलियों सहित रेत भरने में लगे होते हैं।
संतोषगढ़ स्वां नदी के इस एरिया में आज सुबह उस समय हडक़ंप मच गया जब हरोली थाना के पीएसआई संजीव कुमार ने छापा मारा और वहां पर रेत भर रहे 7 ट्रैक्टरों को जब्त करके उनके चालान काटकर 39,200 रुपए जुर्माना वसूला। इस कार्रवाई से कई ट्रैक्टर चालकों सहित ट्रैक्टरों को भरने वाले प्रवासी मजदूर भी बेलचा इत्यादि छोड़ कर भाग खड़े हुए।