चण्डीगढ़, 3 फरवरी - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज जिला सोनीपत को अनेक सौगात देते हुए गोहाना, खरखौदा, सोनीपत, गन्नौर में 153 करोड़ 61 लाख रूपये की विभिन्न सडक, शिक्षण एवं आरओबी परियोजनाओं के उदघाटन व शिलान्यास किया।
सोनीपत बाईपास की मांग काफी पुरानी है और 27 करोड़ 80 लाख रूपये की लागत से बनने वाले सोनीपत बाईपास इसपर कार्य श्ुरू होने से जिला के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और सोनीपत शहर को पार करने वाले प्रदेश के ट्रैफिक को काफी राहत मिलेगी। शहरी जनता को भी अनावश्यक ट्रैफिक से निजात मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री हुड्डा ने आज खरखौदा की 35 वर्ष पुरानी मांग को पूरा करते हुए पीपली में राजकीय महाविद्यालय के नए भवन का शिलान्यास किया जिसपर 13 करोड़ 94 लाख रूपये की लागत आएगी, इससे खरखौदा क्षेत्र को अपना एक कालेज मिलने जा रहा है। उन्होंने इस प्रस्तावित कालेज की कक्षाएं इसी साल से किसी अन्य भवन में शुरू करके जनता का दिल जीत लिया।
श्री हुड्डा ने 47 करोड़ 44 लाख रूपये की लागत से बनने वाले रोहतक गोहाना पानीपत आरओबी, बडोता में 13 करोड़ 55 लाख रूपये की लागत के नए राजकीय महाविद्यालय, 7 करोड़ 45 लाख रूपये की लागत का रेलवे अंडर ब्रिज, दीनबंधु छोटूराम विश्वविद्यालय में 6 करोड़ 76 लाख रूपये की लागत से बनने वाले कर्मचारियों के 30 मकानों, बरोणा में एक करोड़ की लागत से बनने वाले खेल स्टेडियम व एक करोड़ की लागत के स्वर्णकार भवन का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने खरखौदा में 7 करोड़ 94 लाख रूपये की लागत से बने आईटीआई भवन, 16 करोड 91 लाख रूपये की लागत से पेय जल परियोजना, 2 करोड़ 23 लाख रूपये की लागत का किशोर विकास सदन तथा दीनबंधु छोटूराम तकनीकी विश्वविद्यालय मुरथल में 4 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से बने लडकों के छात्रावास का उदघाटन किया, जिससे छात्रों को काफी फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने तीन करोड़ नौ लाख रूपये की लागत से सिसाना माईनर का उद्घाटन भी किया। इस माईनर के बनने से लगभग 6000 एकड़ भूमि को सिंचाई का पानी मिलेगा।
इन परियोजनाओं की शुरूआत से जिले में काफी उत्साह देखा गया और मुख्यमंत्री का विभिन्न आयोजनों पर मोटर साईकिल रैलियों और जनसभाओं द्वारा स्वागत किया गया। सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा व जितेन्द्र मलिक के अलावा इन आयोजनों में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव जयवीर सिंह, दीनबंधु छोटूराम विश्वविद्यालय के कुलपति एच एस चहल, विधायक जयतीर्थ दहिया, श्री कृष्ण हुड्डा, जगबीर सिंह मलिक, उपायुक्त पंकज अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अरूण सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।