शिमला - अब हिमाचली अपने घरों में सरकारी मदद से सोलर पावर प्लांट लगा सकेंगे। घरों में एक-एक किलोवॉट क्षमता के सोलर प्लांट लगाने के लिए केंद्र सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी है। हिमाचल के लिए नव एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने 250 किलोवाट क्षमता के 250 सोलर पावर प्लांट मंजूर किए हैं, जिससे पहाड़ी राज्य के लोग लाभान्वित होंगे। हिमाचल प्रदेश की सरकारी एजेंसी हिम ऊर्जा ने 250 किलोवाट क्षमता के 250 सोलर पावर प्लांट्स का मसौदा केंद्रीय मंत्रालय को भेजा था। दिल्ली से इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिली है।
राज्य में एक साल के भीतर इस प्रोजेक्ट को पूरा करना है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने चार करोड़ 62 लाख रुपए की मंजूरी दी है। लोग घरेलू इस्तेमाल के लिए सोलर पावर प्लांट लगा सकते हैं, जिस पर उन्हें 30 फीसदी तक सबसिडी मिलेगी। सबसिडी की राशि केंद्रीय मंत्रालय वहन करेगा। इसके अतिरिक्त 70 फीसदी की राशि लोगों को ही देनी होगी। वर्तमान में प्रदेश में सरकारी इमारतों में सोलर पावर प्लांट लगाने की योजना को अंजाम दिया जा रहा है।
इसके तहत विभिन्न सरकारी भवनों में प्रक्रिया चल रही है। वहीं अब जिलाधीश कार्यालयों और पुलिस स्टेशनों में भी सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। इनके लिए चार-चार किलोवाट क्षमता के प्रोजेक्ट मंजूर हैं। प्रदेश सरकार की प्रमुख इमारतों में सोलर प्लांट लगाने का काम भी चल रहा है।