गगरेट (कांगडां) - राष्ट्रीय राजमार्ग में श्रद्धालुओं से लदा एक मिनी ट्रक स्कूल की दीवार से टकरा गया जिससे 14 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को गगरेट के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात्रि पंजाब से श्रद्धालुओं को लेकर एक ट्रक चिंतपूर्णी जा रहा था। इसी दौरान राजकीय उच्च विद्यालय गगरेट के पास ट्रक अनियंत्रित हो गया और स्कूल की दीवार के साथ जा टकराया। गनीमत यह रही कि उस समय रात को सडक़ खाली थी वर्ना कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था।
इस दौरान ट्रक में सवार 4 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए और 10 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगरेट में भर्ती करवाया गया। यहां पर उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया है। सभी निवासी जगराओं से हैं। डीएसपी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।