नादौन - नादौन उपमंडल मुख्यालय की भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से बैंक कर्मियों की आंखों में धूल झोंककर 32 लाख रुपये लेकर 3 किशोर भाग गए। पैसे चुराने वाले तीनों किशोर नाबालिग थे। शनिवार दोपहर को बस अड्डा के पास स्थित शाखा में चोरी उस समय हुई जब बैंक कर्मचारी ने एटीएम में पैसे डालने के लिए पैसों से भरा बैग काउंटर पर रखा ही था कि तीन किशोरों में से एक ने यह बैग उठाया और बड़े आराम से रफूचक्कर हो गया। शाखा प्रबंधक अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि बैग में 32 लाख रुपये का कैश था। सीसीटीवी फुटेज में पता चल रहा है कि सबसे पहले बाहर से एक छोटा लडक़ा बैंक के अंदर आया और शाखा प्रबंधक के कमरे के निकट बैठ गया । इसके कुछ ही पलों बाद 2 और छोटे लडक़े अंदर आए तथा वह भी तीसरे युवक के साथ बैठ गए।
इसी दौरान बैंक का एक कर्मचारी एटीएम में डालने के लिए पैसों से भरा बैग लेकर कैश रूम से काउंटर की ओर बढ़ा। उसने यह बैग काउंटर पर रख दिया। बैग रखने के बाद उक्त कर्मचारी पीछे की ओर मुड़ा तभी सबसे छोटा लडक़ा काउंटर की ओर बढ़ा और उसने बैग उठाकर बाहर चला गया। दो अन्य लडक़े उससे पहले ही बाहर की ओर निकल गए थे। जब कर्मचारी ने पीछे मुडक़र देखा तो काउंटर से बैग गायब था। शोर मचाने पर अन्य बैंक कर्मचारी तथा उपस्थित लोग बाहर की ओर भागे परन्तु तब तक कैश से भरे बैग लेकर तीनों लडक़े फरार हो चुके थे।