सुंदरनगर - अदालत द्वारा भगौड़ा घोषित आरोपी को पंजाब के नंगल में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार नंगल के पट्टा गांव का राम प्रकाश पुत्र दत्ता राम वर्ष 2004 से वाहन अधिनियम के एक मामले का आरोपी था। उसे सुंदरनगर की अदालत द्वारा मार्च, 2010 में भगौड़ा घोषित किया जा चुका था। गत दिवस सुंदरनगर थाना के हैड कांस्टेबल पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस दल द्वारा उसे नंगल में गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी बिन्नी मिन्हास ने बताया कि वीरवार को भगौड़े को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।