शिमला - राज्यपाल उर्मिला सिंह ने आज राजभवन में आयोजित अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की उपस्थिति में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए राज्य पुलिस तथा गृह रक्षा के 24 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक, गृह रक्षक तथा नागरिक रक्षा पदकों से सम्मानित किया। राज्यपाल ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गृहरक्षा एवं नागरिक सुरक्षा के हरिसुख सौक्टा व ज्ञान नेगी को गृह रक्षक तथा नागरिक रक्षा पदक से सम्मानित किया।
इसी तरह उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दीपा राम पुंडीर, विजय सिंह, रमेश चंद, ईश्वर दास, देवा कुमारी, कुमारी सुनीता देवी, कलम सिंह, मंगत राम, मनोरमा शर्मा और रमेश शर्मा को गृह रक्षक तथा नागरिक रक्षा पदक से सम्मानित किया। राज्यपाल द्वारा सिविल डिफेंस के सीडब्ल्यू मोहिंद्र सेठ को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गृहरक्षक तथा नागरिक सुरक्षा पदक से सम्मनित किया गया। राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पदक विजेताओं को शुभकामनाएं दी।