चंडीगढ़ - हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई। हालात पर काबू पाने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और समर्थक घायल हो गए। मामले की रिर्पोट के लिए पहुंचे कई मीडियाकर्मियों से भी बदसलूकी हुई और उनके कैमरे तोड़ दिए गए। एचएसजीएमसी समर्थकों द्वारा 9वीं पातशाही गुरुद्वारे पर कब्जा करने की वजह से यह हिंसा भडक़ी।
बता दें कि 9वीं पातशाही गुरुद्वारे पर पहले एसजीपीसी का कब्जा था। जब एचएसजीएमसी ने इस पर कब्जा जमा लिया तो एसजीपीसी समर्थकों ने विरोध शुरू किया और इस वजह से दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। झड़प के बाद शहर का माहौल तनावपूर्ण है। किसी भी आपात स्थिति पर काबू पाने के लिए भारी मात्रा में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।