चंडीगढ़, 1 फरवरी - उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का 24 घण्टे निवारण करने के लिये शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 1065 शिकायत केन्द्र स्थापित किये हैं तथा इन केन्द्रों में 2642 नियमित और 910 अनुबंध आधार पर कार्यरत कर्मचारियों को तुरंत शिकायतें सुनने के लिये नियुक्त किया गया है।
यह जानकारी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री देवेन्द्र सिंह ने गत सांय जिला कैथल के गांव मानस में एक शिकायत केन्द्र का उद्घाटन करते हुए दी। उन्होंने कहा कि ऑपे्रशन मण्डलों और उप-मण्डलों को स्वतंत्र रूप से वाहन उपलब्ध करवाये जायेंगे ताकि शिकायतों की तुरंत सुनवाई की जा सके।
इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत को शिकायत केन्द्र की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थल उपलब्ध करवाया गया है तथा निगम द्वारा खुले दरबार में मौके पर 116 नये घरेलू श्रेणी के कनैक्शन जारी किये गये है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत यह सुनिश्चित करने में निगम की सहायता करेगी कि प्रत्येक परिवार में कम से कम एक बिजली का कनैक्शन हो।
बिजली घाटों को कम करने, शहरी पद्घति पर बिजली उपलब्ध करवाने, बिजली बिल माफी योजना तथा बिजली वितरण प्रणाली सुदृढ़ीकरण योजना का उल्लेख करते हुए श्री सिंह ने बताया कि डिसकॉम द्वारा उपभोक्ताओं को एक सुनहरी अवसर दिया गया है। ये उपभोक्ता मैत्री योजनाएं बिजली उपभोक्ताओं के हित में शुरू की गई हैं। निगम प्रणाली आधारभूत संरचना सृजित करने और बिजली आपूर्ति में आर्दश गांव बनाने का इच्छुक है ।
उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश में लंबित नलकूप कनैक्शनों को शीघ्र ही जारी किया जायेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से लाईन लॉसिज को कम करने तथा उपभोक्ता संतुष्टि के लक्ष्य को प्राप्त करने में डिस्कॉम को सहयोग देने का आग्रह किया।
अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने गांव पाडला और बाबा लदाना में अपने दौरे के दौरान पाया कि वितरण ट्रांसफार्मरों की समुचित रूप से स्थापना और रखरखाव नहीं किया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कनिष्ठ अभियंता रोशन लाल और लाईनमैन कृष्ण लाल को निलबिंत करने के आदेश दिये।
श्री सिंह ने बताया कि राज्यवार वितरण सुदृढ़ीकरण अभियान में तकनीकी पहलुओं के अनुसार कार्य में गुणवत्ता रखी जायेगी। कार्यकारी अभियंताओं और उपमण्डल अधिकारियों को प्रतिदिन दोपहर के भोजन के बाद अपने उन क्षेत्रों को दौरा करने के निर्देश दिये हैं, जहां कार्य प्रगति पर है।
निदेशक आप्रेशन श्री डी के महेश्वरी ने बताया कि ग्रामीणों को उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिलों का समय पर भुगतान करने तथा बिजली की चोरी में संलिप्त न होने के लिए उन्हें शिक्षित करने के लिए कमेटियां गठित करनी चाहिए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।