चंडीगढ - हरियाणा इंडियन नेशनल लोक दल ने अपना घोषणा आज जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में ग्रेजुएट बेरोजगारों को आठ हजार रुपए और 12 वीं पास बेरोजगारों को 5 हजार रुपए बेरोजगार भत्ता देने का ऐलान किया गया है।
घोषणा पत्र जारी करते हुए इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने आज यहां कहा कि यदि आगामी विधान सभा चुनाव में इनेलो जीत कर आती है तो घोषणा पत्र के अनुरूप आम जनता के हितों की अनदेखी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में सरकार आने पर इनेलो हरियाणा में सभी गरीबों को पक्के मकान बनाकर देगी।
गरीबों के दो लाख रुपए के कर्जे माफ करने का भी इनेलो ने घोषणा पत्र में ऐलान किया है। गरीबी रेखा से नीचे वहन कर रहे परिवारों को हर माह 25 किलोग्राम राशन मुफ्त देने का भी इनेलो का वादा है। इनेलो नेता ने कहा कि सरकार आने के बाद इनेलो बुढ़ापा पेंशन जोकि 1200 रुपए है में हर वर्ष 100 रुपए की सालाना वृद्धि करेगी। किसान आयोग के गठन की भी इनेलो ने अपने घोषणा पत्र में जिक्र किया है।
घोषणा पत्र में कहा गया है कि प्राकृतिक आपदा होने पर किसानों को 25 हजार रुपए प्रति एकड़ जमीन मुआवजा मुहैया करवाया जाएगा। हरियाणा के कर्मचारियों को पंजाब के कर्मचारियों की तर्ज पर वेतन देने का भी घोषणा पत्र में जिक्र किया गया है। व्यापारियों के लिए अलग से व्यापारिक आयोग बनाने का घोषणा पत्र में ऐलान किया गया है। इस अवसर पर इनेलो के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।